आमस में हादसे में जहानाबाद के तीन लोगों की मौत, दो घायल
आमस में हादसे में जहानाबाद के तीन लोगों की मौत, दो घायल
आमस के महापुर के पास जीटी रोड पर सोमवार की रात करीब ढाई बजे बारातियों से भरी स्कॉर्पियो व ट्रेलर के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में चालक सहित जहानाबाद के तीन लोगों की मौत गाड़ी से दबकर हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें पीएचसी के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मगध मेडिकल गया रेफर कर दिया। जिनकी स्थिति भी गंभीर बताई जाती है। मृतकों की पहचान जहानाबाद के कोबिल निवासी राजकिशोर सिंह (दूल्हा के दादा), जहानाबाद खरौना निवासी संत सिंह (दूल्हा के गांव के चाचा) व जहानाबाद के मखदुमपुरडीह निवासी डोमन यादव के पुत्र सुशांत कुमार (स्कॉर्पियो चालक) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में खरौना के संतोष व कोबिल के सुरेन्द्र सिंह शामिल हैं। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया हैं।मृतक राजकिशोर सिंह के पुत्र जितेन्द्र सिंह व संत सिंह के चचेरे दामाद नवीन सिंह ने बताया कि राजकिशोर सिंह के पोता चुनमुन सिंह की बारात कोबिल से औरंगाबाद जिले के बुधुआ गांव गई थी। जयमाला के बाद वर-वधू को आशीर्वाद देकर कार से कुछ बाराती 5-6 कारों से घर के लिए निकले थे। अन्य गाड़ियां शिवगंज होते हुये निकली। जबकि दुर्घटना वाली स्कॉर्पियो गया होकर जा रही थी।जोरदार आवाज सुन दौड़ पड़े महापुर के लोगस्कॉर्पियो व ट्रेलर के बीच हुये भीषण टक्कर की तेज आवाज सुनकर महापुर के लोग दौड़ पड़े। गणेश शर्मा, देवंती देवी, सुनील, अमृत आदि प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि स्कॉर्पियो में बुरी तरह फंसे लोगों की चीत्कार से उनका दिल भी दहल गया। किन्तु पूर्व से दुर्घटनाग्रस्त एक ट्रेलर के चालक अरविंद शर्मा ने उन्हें हिम्मत दी। जिसके बाद वे फंसे लोगों को निकालने में जुट गये। किन्तु निहत्थे ग्रामीणों को उन्हें बाहर निकालने में काफी देर हो गई। इस वजह से स्कॉर्पियो में ही तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने भी उनका भरपूर साथ दिया। बता दें कि टक्कर के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो जीटी रोड के किनारे बीस फीट गहरे गड्ढे में चली गई थी। ट्रेलर कोलकाता से बनारस की ओर जा रही थी। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर भाग गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें