सुशील मोदी का निर्विरोध राज्यसभा जाना लगभग तय, महागठबंधन में किसी दूसरे दलित चेहरे पर नहीं बन सकी सहमति
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से रिक्त हुई राज्यसभा सीट पर एनडीए प्रत्याशी सुशील कुमार मोदी की ताजपोशी तय मानी जा रही है। उनके निर्विरोध रास जाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। उप चुनाव के लिए नामांकन का गुरुवार यानी 3 दिसम्बर को आखिरी दिन है। लेकिन, अभी तक एनडीए के अलावा अन्य किसी दल से उम्मीदवार तय भी नहीं हुए हैं। लोजपा प्रमुख चिराग पासवान की मां रीना पासवान को प्रत्याशी बनाने का विपक्ष का दांव परवान नहीं चढ़ सका है। ऐसे में श्री मोदी को वॉकओवर मिलने की स्थिति बन गई है।
एनडीए में भाजपा कोटे की सीट पर पार्टी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी पर दांव लगाया है। राजद की अगुवाई वाले महागठबंधन ने दलित कार्ड खेलने का प्रयास किया था। इस मामले में राजद लोजपा की नाराजगी को भी भुनाना चाहता था। राजद के प्रदेश प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा था कि दलित नेता रामविलास पासवान जी की सीट पर लोजपा का अधिकार है। उनकी पत्नी रीना पासवान के प्रत्याशी बनने पर पार्टी बिना शर्त समर्थन करेगी। हालांकि तीन दिन की चुप्पी के बाद लोजपा ने मंगलवार को राजद का आभार जताते हुए इस मामले का पटाक्षेप कर दिया। दूसरी ओर, भाजपा सहित एनडीए खेमा भी विपक्षी कैंप पर नजरें गड़ाए रहा कि महागठबंधन से कोई प्रत्याशी मैदान में आता है या नहीं।
दलित चेहरा उतारने की थी चर्चा
राजद खेमा रीना पासवान पर दांव लगाना चाहता था। उनके तैयार न होने की स्थिति में किसी दलित चेहरे को मैदान में उतारने की चर्चा थी ताकि भाजपा और जदयू को दलितों के बीच घेरा जा सके। हालांकि लोजपा के रीना पासवान के नाम पर कदम पीछे खींचने के बाद पूर्व मंत्री श्याम रजक का नाम चर्चा में जरूर आया, मगर फैसले की स्थिति तक नहीं पहुंच सका। सूत्रों का कहना है कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने भी रीना पासवान के नाम पर ही सहमति दी थी। इन सब हालात में एनडीए प्रत्याशी की राह लगभग निष्कंटक होती दिख रही है। मालूम हो कि बिहार विधानसभा में 40 दलित विधायक हैं।
कमिश्नर ऑफिस में नामांकन करेंगे मोदी
भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी बुधवार दोपहर 12.30 बजे राज्यसभा उपचुनाव में बतौर एनडीए प्रत्याशी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। पटना आयुक्त कार्यालय में उनके नामांकन के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद डॉ. संजय जायसवाल, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद व रेणु देवी सहित सरकार के अन्य मंत्री मौजूद रहेंगे। एनडीए के अन्य नेताओं में हम अध्य्क्ष जीतन राम मांझी, वीआईपी अध्यक्ष मुकेश सहनी सहित बड़ी संख्या में विधायक, विधान पार्षद व नेतागण आदि शामिल होंगे। नामांकन के पूर्व भाजपा के सभी मंत्री, विधायक व विधान पार्षद तथा अन्य नेतागण पूर्वाह्न 11.30 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में एकत्र होंगे। वहां से पटना आयुक्त कार्यालय जाएंगे।
‘पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से रिक्त हुई राज्यसभा की सीट के लिए हो रहे उप चुनाव में लोजपा उम्मीदवार नहीं देगी। पार्टी ने इस चुनाव में राजद द्वारा समर्थन दिये जाने पर उन्हें धन्यवाद दिया है। इस सीट पर लोजपा का कोई भी कार्यकर्ता चुनाव नहीं लड़ना चाहता है।’
-कृष्णा सिंह कल्लू, मीडिया प्रभारी, लोजपा
राजद रीना पासवान जी को राज्यसभा भेजे जाने की पक्षधर था। अभी किसी और को प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर कोई फैसला नहीं हो सका है।
- भाई बीरेंद्र, विधायक सह राजद प्रवक्ता
this news is copy from hindustan.com

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें